पटना- बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
बीजेपी का आरोप है कि प्रशांत किशोर ने चुनाव प्रचार में निर्धारित खर्च सीमा से कई गुना अधिक राशि खर्च की है और चुनावी नियमों का उल्लंघन किया है।
पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और विधायक जीवेश मिश्रा ने कहा कि चुनाव आयोग ने एक प्रत्याशी के लिए चुनावी खर्च की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये तय की है, जबकि प्रशांत किशोर अब तक करोड़ों रुपये खर्च कर चुके हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी खर्च को सीधे अपने खाते से दिखाने के बजाय एक कथित डमी कंपनी के माध्यम से थर्ड पार्टी खर्च के रूप में दर्शाया जा रहा है।
शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि संबंधित कंपनी की पेड-अप कैपिटल मात्र 5 लाख रुपये है और इसकी स्थापना अक्टूबर 2023 में हुई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव से ठीक पहले कंपनी के पास 4.5 करोड़ रुपये कैसे पहुंचे। भाजपा ने इस पूरे मामले को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा बताते हुए जांच की मांग की है।
बीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में सोशल मीडिया पर हजारों फर्जी अकाउंट के जरिए चुनाव को प्रभावित करने और गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पार्टी का दावा है कि इनमें से कई अकाउंट विदेशों से संचालित हो रहे हैं और इनके माध्यम से भाजपा नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत के साथ कथित सबूत भी सौंपे हैं। पार्टी ने जन सुराज पार्टी और उससे जुड़ी कंसल्टेंसी कंपनी के बैंक खातों के लेनदेन की जांच कराने की मांग की है। भाजपा का कहना है कि प्रशांत किशोर जनता के समर्थन के बजाय धनबल और कृत्रिम माध्यमों से समर्थन दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर अब तक प्रशांत किशोर या जन सुराज पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। भाजपा ने इस सीट से नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से रेखा गुप्ता चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना जताई जा रही है।








