पटना- बिहार विधानमंडल का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार 20 जुलाई से शुरू हो रहा है। 24 जुलाई तक चलने वाले इस छोटे लेकिन महत्वपूर्ण सत्र में राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा कई अहम विधेयक भी सदन में लाए जाने की तैयारी है।
सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। विपक्ष ग्रामीण क्षेत्रों में टैक्स लगाने, स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स, कथित फर्जी एनकाउंटर, शिक्षकों की बहाली में देरी और महिलाओं को रोजगार सहायता राशि जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है।
मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष का संबोधन होगा। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रथम अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा। साथ ही दिवंगत नेताओं और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों के सम्मान में शोक प्रस्ताव भी लिया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
माना जा रहा है कि इस बार अनुपूरक बजट का आकार पिछले साल की तुलना में बड़ा हो सकता है। सरकार को 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि और महिलाओं को रोजगार सहायता योजना की दूसरी किस्त जैसी घोषणाओं को लागू करने के लिए अतिरिक्त धन की आवश्यकता है।
सरकार के अनुसार मानसून सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सत्र के दौरान स्वास्थ्य समेत कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। सत्ता पक्ष का कहना है कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
विधानसभा परिसर में मानसून सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक कर सदन को सुचारू रूप से चलाने की अपील की है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई है। पूरे विधानसभा परिसर की जांच डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।








