गुमला- एसीबी रांची की टीम ने गुमला जिले के जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएससी) कार्यालय में मंगलवार को छापेमारी कर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दो लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में कार्यालय के प्रधान सहायक रंजीत कुजूर और सेवानिवृत्त शिक्षक वत्सीय रविकांत शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, किसी शिक्षक के एरिया निकासी (क्षेत्र स्थानांतरण) मामले में रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी रांची की टीम ने पहले गुप्त अनुसंधान किया और फिर कार्यालय में छापा मारकर दोनों को रिश्वत लेते हुए पकड़ा.
एसीबी की टीम चार वाहनों में सवार होकर 12 से अधिक अधिकारियों के साथ जिला शिक्षा अधीक्षक गुमला के कार्यालय पहुंची. छापेमारी के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम अपने कार्यालय कक्ष में मौजूद थे. टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर रांची ले गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सेवानिवृत्त शिक्षक वत्सीय रविकांत अल्पसंख्यक शिक्षक संघ के नेता भी हैं. एसीबी अधिकारियों ने उनकी भूमिका पर अभी कुछ कहने से इनकार कर दिया है. उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं की जांच चल रही है और रांची एसीबी कार्यालय से जल्द प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी.








