पटना- बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा, जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.
बीजेपी के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को भव्य रोड शो के बाद पटना समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे.
वहीं, प्रशांत किशोर ने नामांकन से पहले स्काउट एवं गाइड मैदान से समाहरणालय तक पदयात्रा निकाली. पदयात्रा स्काउट एवं गाइड मैदान से शुरू होकर कोतवाली थाना, डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए समाहरणालय पहुंची.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान समर्थकों ने नारे लगाए. मार्ग में जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत भी किया. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई थी. नामांकन दाखिल करने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत नामांकन नहीं, बल्कि बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है.
उन्होंने कहा, यह मेरा नामांकन नहीं है, बिहार में बदलती हुई तस्वीर का नामांकन है. यह बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है और बिहार में अपराधी लोगों को कुर्सी छोड़ने का आह्वान है. यह बदलाव की शुरुआत है. प्रशांत किशोर ने कहा कि यह चुनाव बिहार में बीजेपी के ‘अहंकार पर अंकुश लगाने का चुनाव है.
इधर, जेजेडी उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन के बाद की गिरफ्तार कर लिया गया. तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी के चुनाव चिह्न पर बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहीं वीना मानवी नामांकन दाखिल करने समाहरणालय पहुंची थीं. इसी दौरान नामांकन के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया. हालांकि बाद में उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तारी के दौरान वीणा मानवी ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा पहुंचाई जा रही है. हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश के आधार पर की गई है.








