मोतिहारी- बिहार के मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा हुआ है. अरेराज-पशुपतिनाथ मुख्य मार्ग पर गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी पुल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गयी जिसमे तीन युवकों की मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अपाची बाइक पर सवार दो युवक सलेमपुर जीवधारा के रहने वाले थे. उनकी पहचान रवि किशन और अनिश कुमार के रूप में हुई है. वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी गांव का निवासी बताया जा रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. गोविंदगंज थाना अध्यक्ष राजू मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान तीसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह इस दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की जान चली गई. घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
वहीं, पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.








