पटना- बिहार में मानसून सक्रिय हो चूका है. मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 27 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसमें 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय शामिल हैं.
इन जगहों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा है. वहीं येलो अलर्ट वाले जिलों में शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं. शेष जिलों में बादल छाए रहेंगे और उमस बढ़ेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक लगातार जारी है. कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं हैं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम केंद्र पर 46.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है.
लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने निचले इलाकों, अंडरपास और खराब जल निकासी वाले क्षेत्रों में जलजमाव की आशंका जताई है. प्रमुख सड़कों और व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक जाम तथा वाहनों की धीमी आवाजाही की स्थिति बन सकती है.
वहीं संवेदनशील रिहायशी इलाकों में स्थानीय स्तर पर जलभराव होने की भी संभावना है. बारिश के कारण दृश्यता कम होने और सड़कें फिसलन भरी होने से वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और धान की रोपनी को गति मिलने की उम्मीद बढ़ी है. हालांकि कई शहरों और कस्बों में जलजमाव, सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं. मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है.








