रांची- खूंटी के तजना नदी के किनारे से एक युवक और एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गाई गांव निवासी नेहा कुमारी और उनके पड़ोसी अरुण कुमार राणा के रूप में की है.
मिली जानकारी के मुताबिक चंदन प्रमाणिक नामक शख्स इस हत्या कांड को लेकर संदेह के घेरे में है. यह शख्स मृतक नेहा का पति बताया जा रहा है. दोनों के बीच पारिवारिक विवाद था. तलाक को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है.
इसी बीच नेहा अपनी बहन की शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने बेटे को लेने गुमला जिला के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव स्थित अपने ससुराल गयी थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जहां ससुराल वालों ने बेटा देने से इनकार कर दिया. तब पीड़िता करंज थाना पहुंची. उस वक्त थानेदार ने भरोसा दिलाया कि शुक्रवार को बच्चा मिल जाएगा.
डीएसपी के मुताबिक थाना से निकलते वक्त नेहा के पति चंदन प्रमाणिक ने कुछ युवकों के साथ मिलकर नेहा और अरुण को अगवा कर लिया.
इसकी भनक लगते ही नेहा और अरुण के परिजन गुरुवार शाम करंज थाना पहुंचे और अपहरण की आशंका जताई. पुलिस अभी जांच में जुटी ही थी कि शुक्रवार की सुबह नेहा और अरुण का शव खूंटी में तजना नदी के पास से बरामद हुआ.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डीएसपी ने बताया कि हत्याकांड में इस्तेमाल किए गये स्कार्पियो गाड़ी को ट्रेस कर लिया गया है. बहुत जल्द हत्यारों को दबोच लिया जाएगा. डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है.
पुलिस ने दावा किया है कि हत्याकांड में शामिल अपराधकर्मियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटनास्थल से नेहा की बहन की शादी का कार्ड भी बरामद हुआ है.








