रामगढ़- रामगढ़ पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया. रामगढ़ और हजारीबाग जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के ए.के. कोलियरी (दत्तो) स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध हथियार निर्माण इकाई का खुलासा किया.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक दंपती को भी गिरफ्तार किया है. मौके से तीन अर्द्धनिर्मित 7.65 एमएम पिस्टल, हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, मैगजीन, फायरिंग पिन सहित बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स और दूसरे उपकरण बरामद किए गए हैं.
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि अवैध हथियार निर्माण एवं तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद रामगढ़ और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
टीम ने बुधवार देर रात भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के ए.के. कोलियरी दत्तो निवासी दिनेश विश्वकर्मा के घर पर विधिवत छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर के भीतर अवैध रूप से संचालित मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा हुआ.
पुलिस ने मौके से दिनेश विश्वकर्मा (45) और उसकी पत्नी नूतन देवी (38) को गिरफ्तार किया. दोनों मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के वारसलीगंज के रहने वाले हैं और वर्तमान में ए. के. कोलियरी, दत्तो में रह रहे थे.
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों पिछले कुछ समय से अवैध हथियार तैयार कर अपराधियों तक उनकी आपूर्ति करने में संलिप्त थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार हथियार किन-किन जिलों और अपराधी गिरोहों तक पहुंचाए जाते थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपियों के खिलाफ पतरातू (भुरकुंडा ओपी) थाना कांड संख्या-165/26, दिनांक 8 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), 25(1ए), 26 एवं 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.








