पाकुड़- पाकुड़ के जेटके टोला गांव में एक महिला की सिर कूच कर हत्या कर दी गई. बुधवार की सुबह परिजनों को इस हत्याकांड की जानकारी मिली।
मामले की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और परिजनों सहित आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जेटके टोला गांव में मंगलवार देर रात्रि को मरांगमई हांसदा (30 वर्ष) अपने घर में सोयी थी. घर के बाकी सदस्य अपने रिश्तेदार के यहां गए थे. इस दौरान अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर मरांगमई की हत्या कर दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बुधवार की सुबह काफी देर तक जब मरांगमई अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को संदेह हुआ. परिजन जब उसके कमरे में पहुंचे तो खाट पर मरांगमई पड़ी थी और उसके सिर में जख्म देखा गया. परिजनों के शोर मचाने के बाद आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए.
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के सिर में गंभीर वार करने से मौत हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामला साफ हो जाएगा. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है.








