जमशेदपुर- जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार मैनेजर समेत चार और आरोपियों को पकड़ा है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है.
मामले में एसएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक कुल नौ गिरफ्तारी हुई है, हथियार बरामद किया गया है जबकि बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया जा रहा है.
बता दें कि 27 जून की रात पुलिस के समक्ष हिमांशु सिंह और प्रत्युष नाम के युवक पर चापड़ से हमला किया गया था, जिसमें घायल हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गई थी जबकि दूसरे घायल युवक प्रत्युष की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज कोलकाता अपोलो अस्पताल में चल रहा है. इधर हिमांशु सिंह की मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है. जिसके द्वारा पूर्व में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इधर घटना में दस आरोपियों के अलावा बार संचालक एवं बीजेपी नेता नीरज सिंह पर भी एफआईआर दर्ज की गई है.
जमशेदपुर एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने बताया कि SIT ने डबल डाउन बार के मैनेजर विजय महानंद, लखिन्द्र लोहार, जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा के साथ एक विधि-विरुद्ध नाबालिग बालक को भी गिरफ्तार किया हैं.
गिरफ्तार आरोपी लखीन्द्र लोहार और नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने धातकीडीह स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर हत्या में इस्तेमाल किए गए घातक हथियारों को बरामद किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिसमें एक लोहे का चापड़, एक कुल्हाड़ी, एक भुजाली, एक बड़ा चाकू, आठ लोहे के पंच, एक स्टील की गुप्ती, एक मोटरसाइकिल तथा पांच मोबाइल फोन शामिल है. उन्होंने बताया कि इस मामले में कुल 11 नामजद में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.








