रांची- राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में पिछले करीब 40 वर्षों से लगने वाले साप्ताहिक सब्जी बाजार को बंद किए जाने के फैसले के खिलाफ सोमवार को बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता रांची नगर निगम कार्यालय पहुंचे और धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया.
विक्रेताओं ने कहा कि बाजार बंद होने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. हालांकि निगम ने अपने फैसले को बरकरार रखते हुए स्पष्ट किया कि बढ़ती भीड़ और लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
गौरतलब है कि मोरहाबादी मैदान में प्रत्येक बुधवार और शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगता था. यहां रांची सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से करीब 1600 से अधिक सब्जी और फल विक्रेता अपनी उपज बेचने पहुंचते थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शनिवार को नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम ने मैदान में बाजार नहीं लगने दिया और विक्रेताओं को वापस भेज दिया. इसके बाद से विक्रेताओं में नाराजगी है.
सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे विक्रेताओं ने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बाजार बंद करना उचित नहीं है. उनका कहना है कि वर्षों से इसी बाजार के सहारे उनके परिवार का पालन-पोषण होता आया है.
अचानक बाजार बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. प्रदर्शन कर रहे विक्रेताओं ने निगम से मांग की कि या तो बाजार को पहले की तरह संचालित किया जाए या फिर उनके लिए शीघ्र वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि मोरहाबादी क्षेत्र में सब्जी विक्रेताओं की संख्या लगातार बढ़ती गई है. पहले जहां सीमित संख्या में दुकानें लगती थीं, वहीं अब लगभग 1600 दुकानें लगने लगी हैं.
इसके कारण सड़कें तक अतिक्रमित हो जाती हैं और पूरे इलाके में गंभीर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. इसका असर स्कूली बच्चों, स्थानीय निवासियों और आम राहगीरों पर पड़ रहा है.
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा, लोगों की आजीविका का सवाल महत्वपूर्ण है. इसी कारण हम इस विषय पर गंभीरता से मंथन कर रहे हैं. फिलहाल निगम और सब्जी विक्रेताओं के बीच सहमति नहीं बन सकी है.
ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि निगम विक्रेताओं की आजीविका और शहर की यातायात व्यवस्था के बीच संतुलन बनाने के लिए क्या स्थायी समाधान निकालता है.








