भोजपुर- बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अमराई नवादा के पास रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा गई. हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतक झारखंड के देवघर जिले के निवासी थे. ये सभी मनाली घूमने गए थे और नोएडा होते हुए अपने घर देवघर लौट रहे थे. मृतकों में 32 वर्षीय प्रकाश सिंह, 27 वर्षीय पत्नी पल्लवी सिंह और देवर शामिल हैं. वहीं एक घायल युवक का प्राथमिक उपचार कराया गया जिसके बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया है.
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में चल रही थी. टक्कर के बाद गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवार लोग अंदर फंस गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है.यह भी कहा जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण गाड़ी संतुलन खो बैठी और सीधे ट्रेलर में जा घुसी. हादसा नोएडा की ओर से आते समय हुआ. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.








