जहानाबाद- बिहार के जहानाबाद में दो पक्षों के बीच दर्जनों राउंड फायरिंग हुई. इस फायरिंग में 6 लोग जख्मी हुए हैं. सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लाया गया है.
गोलियों की आवाज़ से इलाके में अफरा तफ़री के साथ भगदड़ मच गई. घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना घोसी थाना क्षेत्र के चैती-पीपर और गिंजी गांव के बीच का है.
घायलों में चैती-पीपर गांव निवासी दिनेश राम, अजय राम, सुधीर राम, धीरज कुमार और विजय राम शामिल हैं, जबकि गिंजी गांव के विष्णु कुमार भी घायल हुए हैं. जानकारी के अनुसार दिनेश राम के पैर में गोली लगी है, जबकि धीरज कुमार के सीने में गोली लगने से उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों गांवों के बीच कई महीनों से बालू उठाव को लेकर विवाद चल रहा था. शनिवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और गोलीबारी में बदल गई. दोनों ओर से सैकड़ों राउंड फायरिंग की गई, जिससे आधा दर्जन लोग घायल हो गए.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तत्काल घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच भेजा गया है.








