पटना- जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि यदि पार्टी की सहमति होगी तो वो बांकीपुर से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। पीके ने यह दावा भी किया कि बांकीपुर की जनता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से नाराज हैं।
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल का पहला जनमत संग्रह करार दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव हर मायने में बेहद महत्वपूर्ण है।
पीके ने कहा यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर जनता की राय का भी प्रतीक होगा। सम्राट चौधरी के सीएम बनने से जनता नाराज हैं, बांकीपुर की जनता इस बार बड़ा फैसला लेने जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीके ने कहा कि 2025 में जब बिहार विधानसभा चुनाव हुआ था, तब बिहार की महान जनता ने नीतीश कुमार के नाम पर वोट दिया था, ना कि सम्राट चौधरी के नाम पर।
लेकिन कुछ ही महीने बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिये और सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बन गये। प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि यदि मेरे चुनाव लड़ने से बीजेपी जैसी मजबूत पार्टी बांकीपुर सीट हार जाती है, तो हम चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
प्रशांत किशोर का यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि यदि वह चुनाव लड़ते हैं, तो पूरे बिहार में जन सुराज के उम्मीदवारों के लिए प्रभावी ढंग से प्रचार नहीं कर पाएंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने की घोषणा के बाद अब यह उपचुनाव काफी महत्वपूर्ण हो गया है। इसे नई राजनीतिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।








