बोकारो- बोकारो में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1.5 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की है. बालीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात चलाये गये विशेष अभियान के दौरान एक लाइन होटल और किराना दुकान से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई. इस मामले में होटल मैनेजर और दुकान संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि बालीडीह थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के समीप स्थित एक लाइन होटल और किराना दुकान में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया. इसके बाद गुरुवार की मध्य रात्रि में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की.
छापेमारी के दौरान रेलवे फाटक के समीप स्थित अमर लाइन होटल और सुमित्रा जनरल स्टोर की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान दोनों स्थानों से विभिन्न ब्रांड की बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने मौके से होटल मैनेजर अविनाश सिंह और स्टोर संचालक सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों की निशानदेही पर अन्य स्थानों से भी शराब बरामद की गई.
पुलिस ने बताया कि जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस के अनुसार इतनी मात्रा में शराब मिलने से स्पष्ट है कि इलाके में अवैध कारोबार संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था.
पुलिस ने बरामद शराब से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने के लिए दोनों आरोपितों से कहा, लेकिन वे किसी प्रकार का लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सके. इसके बाद दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








