पटना- पटना के LCT घाट पर एक 30 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंगा नदी में डूब गया। युवक की पहचान मैनपुरा महंथा कॉलेज के पास रहने वाले गोपाल कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक की मां सुनीता देवी ने बताया कि, ‘करीब 15 दिन पहले मोहल्ले में रुपये के लेन-देन को लेकर गोपाल के साथ मारपीट की गई थी। उनका आरोप है कि रविवार दोपहर कुछ युवक गोपाल को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे।
देर शाम जब वे युवक वापस लौटे तो उन्होंने गोपाल के बारे में पूछताछ की। इस पर युवकों ने बताया कि वे लोग उसे काफी देर तक खोजते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गोपाल की मां का आरोप है कि उनके बेटे को जानबूझकर नदी में डुबोकर मार दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन युवकों के साथ गोपाल गया था, उन्हीं पर उन्हें संदेह है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस मामले को केवल डूबने की घटना बताने का प्रयास कर रही है, जबकि परिवार हत्या की आशंका जता रहा है। मां के मुताबिक, ‘जब मैं पुलिस के पास गई तो उन्होंने कहा कि कोई पूछे तो सिर्फ कहना है डूब गया है, जबकि मेरे बेटे को डूबाकर मार दिया है।’
घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद गोपाल का शव बरामद नहीं हो सका है। परिजनों का कहना है कि वे लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ओर से युवक की तलाश जारी है। शव बरामद होने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।








