मुजफ्फरपुर- बिहार के मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. दामोदरपुर गांव में छापेमारी के दौरान ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया, जिसमें एक महिला सिपाही समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना देर रात की है.
इस हमले में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है.
पथराव में पुलिसकर्मी सन्नी कुमार, पुलकित कुमार, रामभरोस यादव और महिला सिपाही पुष्पा कुमारी समेत पांच जवान घायल हो गए. घायलों को पहले पारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर किया गया. वहीं अन्य घायल पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार किया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में खुशबू कुमारी, शोभा कुमारी, भोला राम, अंकित कुमार और नीरज कुमार शामिल हैं. सभी आरोपी पारू थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.
घटना के बाद पूरे दामोदरपुर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.








