लातेहार- लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने भाकपा माओवादी के कुख्यात नक्सली मुकेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार नक्सली मुकेश लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरीमरी-बेलगढ़ा गांव का निवासी है.
इसे बजरमरी गांव से ही गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार नक्सली पर विभिन्न थाना क्षेत्र में 9 से अधिक नक्सली हिंसा के मामले दर्ज हैं. यह कुख्यात नक्सली रविंद्र गंझू का खास सहयोगी माना जाता है.
दरअसल, लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी मुकेश गंझू अपने गांव की ओर देखा गया है. सूचना मिलने के बाद एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस की टीम गठित की गई और नक्सली की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गुप्त सूचना पर हुई छापामारी के कारण नक्सली मुकेश पुलिस की गिरफ्त में आ गया. उक्त नक्सली पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा था. इस पर हत्या, आगजनी, फायरिंग, रंगदारी मांगने समेत कई अन्य मामले विभिन्न थाना क्षेत्र में दर्ज हैं. मुकेश गंझू पर जमुआरी गांव के वन रक्षा समिति सदस्य प्रद्युम्न यादव की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है.
इस संबंध में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि नक्सली मुकेश गंझु की तलाश पुलिस को पिछले कई दिनों से थी. उसकी गतिविधियों पर भी पुलिस की कड़ी नजर थी. इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि मुकेश अपने गांव आया हुआ है. इसके बाद पुलिस ने छापामारी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया.
एसपी कुमार गौरव ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली मुकेश के विरुद्ध लातेहार, लोहरदगा और गुमला सहित अन्य जिलों में हत्या, आगजनी, फायरिंग और रंगदारी से जुड़े नौ मामले दर्ज हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उसके विरुद्ध वर्ष 2022 में चंदवा थाना क्षेत्र के कठपुलिया के समीप आगजनी की घटना, वर्ष 2023 में लपरा रेलवे पुल पर आगजनी, फरवरी 2024 में सुन्दरू सरना टोली में सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन पर फायरिंग जैसे मामलों में भी केस दर्ज है.








