रांची- रांची से एक हैरान करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है. यह घटना 28 मई 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. जिसका वीडियो अब सामने आया है.
अपर बाजार स्थित बालाजी बुटिक के पास कुछ बदमाशों ने एक युवक को हथियार के बल पर रोककर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कोतवाली थाना की पीसीआर वैन मौके के पास से गुजर रही थी, लेकिन पीड़ित की गुहार सुनने के बावजूद पुलिसकर्मी नहीं रुके और आगे बढ़ गए.
जानकारी अनुसार, किशोरगंज निवासी पीड़ित युवक महेश कुमार (35) ने बताया कि जब बदमाश उनकी पिटाई कर रहे थे, उसी दौरान कोतवाली थाना की पीसीआर वैन वहां से गुजर रही थी. पुलिस वाहन को देखकर उन्हें उम्मीद जगी कि अब उनकी जान बच जाएगी और पुलिस बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने पीसीआर वैन में मौजूद पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उनकी आवाज अनसुनी कर दी गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस वाहन बिना रुके वहां से आगे निकल गया. इसके बाद बदमाशों का मनोबल और बढ़ गया तथा वे लगातार महेश कुमार के साथ मारपीट करते रहे. घटना के दौरान आसपास से कई लोग भी गुजरते रहे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर हस्तक्षेप करती तो घटना को रोका जा सकता था. वायरल वीडियो ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस की मौजूदगी के बावजूद पीड़ित को सहायता नहीं मिली, तो आम नागरिक सुरक्षा के लिए किस पर भरोसा करें.
घटना के बाद महेश कुमार ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज शिकायत के अनुसार 28 मई की रात सत्येंद्र सिंह, रोहित सिंह, विशाल घोष, मोटी और ऋषभ सिंह ने हथियार के बल पर उन्हें रोका और जमकर मारपीट की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने न केवल शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया बल्कि उन्हें लगातार डराने और धमकाने का भी प्रयास किया. प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.








