पटना- खान सर के इंस्टिट्यूट पर हंगामा और तोड़फोड़ मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर रोशन आनंद गिरफ्तार कर लिए गए हैं. रौशन आनंद के साथ दो और लोग गिरफ्तार किए गए हैं.
पटना पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार किया गया है. वीडियो फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी की गई है.
रोशन आनंद एक इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर हैं. इन पर आरोप है कि इनके कहने पर ही वहां कुछ लोगों ने तोड़फोड़-पत्थरबाजी और मारपीट की. सभी लोगों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, खान सर की कोचिंग में हुई घटना को लेकर ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में उनके संस्थान को बदनाम करने की साजिश की जा रही है. रौशन आनंद ने कहा कि घटना के दौरान किसी तरह की गोलीबारी नहीं हुई है.
उन्होंने दावा किया कि मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार पुलिस की भर्ती परीक्षाओं में ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा है. रौशन आनंद के अनुसार, इसी वजह से उनके संस्थान को निशाना बनाया जा रहा है.
रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि खान सर और उनकी टीम ज्ञान बिंदु कोचिंग की छवि खराब करने और संस्थान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि बीती रात पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर हुई इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला मारपीट और हिंसक झड़प से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. घायल सुरक्षा गार्ड के बयान के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
खान सर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कोचिंग संस्थान के कार्यालय में तोड़फोड़ की और फायरिंग भी की. उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है. साथ ही घायल सुरक्षा गार्ड ने भी कथित तौर पर हमलावरों की पहचान कर ली है.
उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग करते हुए कहा कि गरीब छात्रों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है. खान सर ने कहा कि जब बड़ी संख्या में छात्र सफलता हासिल करते हैं तो कुछ असामाजिक तत्व इसे बर्दाश्त नहीं कर पाते और डराने-धमकाने की कोशिश करते हैं.








