रांची- पश्चिम बंगाल में शनिवार को तृणमूल राज्यसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बयान आया है. उन्होंने तृणमूल सांसद और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी को पत्र लिखकर टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ हुई घटना पर गहरी चिंता जताई है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्रिक व्यवस्था में इस तरह की घटना के लिए कोई जगह नहीं है. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उन्हें जब से इस घटना की जानकारी मिली है, तभी से वे बेहद चिंतित हैं.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि वह अभिषेक बनर्जी को झारखंड भेजें. यहां वह उनके इलाज की पूरी व्यवस्था के साथ साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित कराएंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ घटी घटना ने लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति को व्यथित कर दिया है. यदि किसी दबाव, भय या पश्चिम बंगाल के प्रतिकूल राजनीतिक माहौल के कारण उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है अथवा उपचार में किसी प्रकार की बाधा खड़ी हो रही है तो अभिषेक बनर्जी को वह झारखंड भेज दें.
डॉ. इरफान अंसारी ने सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले को बेहद गंभीर और चिंता की बात बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है. घटना की कड़ी निंदा करते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य के साथ समझौता स्वीकार्य नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि चुनाव में हार जीत राजनीति का हिस्सा है लेकिन किसी के स्वास्थ्य और जीवन को जोखिम में डालने वाली परिस्थितियां लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतिकूल हैं. मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि ‘भाजपा’ को यह नहीं भूलना चाहिए कि लोकतंत्र सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सम्मान से चलता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सेवा और मानवता की भावना के साथ, मैं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह करता हूं कि अभिषेक बनर्जी के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. यदि आवश्यकता हो तो उन्हें झारखंड भेजा जाए.








