सीवान- बिहार के सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. एक युवक को उसकी मंगेतर के परिवार द्वारा कथित रूप से मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश किए जाने का मामला प्रकाश में आया है.
घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज पटना में चल रहा है. वहीं पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मंगेतर समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक की पहचान आदित्य कुमार रावत के रूप में हुई है. पीड़ित के पिता द्वारा मुफस्सिल थाना में दिए गए लिखित आवेदन में बताया गया है कि उन्होंने अपने पुत्र आदित्य कुमार रावत की शादी मुफस्सिल थाना क्षेत्र में तय की थी. दोनों परिवारों के बीच विवाह की तैयारियां चल रही थीं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आवेदन के अनुसार 27 मई को चार लोगों ने आदित्य कुमार रावत को थावे मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बुलाया. पूजा संपन्न होने के बाद वे लोग युवक को अपने घर ले गए. आरोप है कि घर पहुंचने के बाद सभी आरोपियों ने मिलकर युवक पर मिट्टी का तेल छिड़क दिया और आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.
पीड़ित के पिता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने अपने पुत्र को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया. इसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक के शरीर का बड़ा हिस्सा आग से प्रभावित हुआ है और उसका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस को दिए गए आवेदन में लड़की पक्ष के चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. इनमें युवक की मंगेतर का नाम भी शामिल बताया गया है. शिकायत के आधार पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है.








