धनबाद- धनबाद में आजसू की बैठक के दौरान बुधवार को कुछ लोगों ने अचानक हमला बोल दिया. देखते ही देखते वहां भगदड़ मच गई और पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया. अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हमले के दौरान गोली चलने से एक युवक घायल हो गया, जबकि कई कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई.
हमले में आजसू छात्र नेता हीरालाल महतो सहित कई समर्थक घायल हो गए. हीरालाल महतो ने आरोप लगाया कि रजनी रवानी को पिछले कुछ दिनों से कथित कोयला कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं. इन्हीं धमकियों के मुद्दे पर चर्चा के लिए कार्यकर्ता बैठक में एकत्र हुए थे.
स्थानीय लोगों ने बताया कि हमले के दौरान गोली भी चलाई गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. फायरिंग में घायल युवक की पहचान किशन रजवार के रूप में हुई है. उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीण एसपी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. हमले में शामिल लोगों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.








