शेखपुरा- बिहार के शेखपुरा में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. कसार थाना क्षेत्र के कसार गांव स्थित तालाब से दो किशोरों का शव बरामद किया गया है.
बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 11 बजे जब ग्रामीण वहां से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर दो बोरियों पर पड़ी. पास जाने पर बदबू आने लगी, जिससे लोगों का शक गहरा गया. इसके बाद स्थानीय थाने को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने जब बोरी को खोला तो उसमें दो किशोरों के शव मिले. शवों की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है. मृतकों की पहचान कसार गांव के पियुष कुमार (12 वर्ष, पिता- राजाराम राउत) और अंकुश कुमार (11 वर्ष, पिता- प्रमोद पासवान) के रूप में हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों ने बताया कि शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि पहले गला दबाकर मारा गया है. गर्दन पर साफ-साफ निशान दिख रहे थे. इसके बाद दोनों शवों पर तेजाब डाल गया. फिर ठिकाने लगाने के मकसद से बोरा में बंद करके फेंक दिया गया.
वहीं, मृतक पियुष कुमार की मां तुनी देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बेटे का मुंडन कराया गया था. मुंडन कार्यक्रम में उसने जो कपड़े पहने थे, शव पर वही कपड़े मिले हैं. उसके कमर में बंधी कौड़ी भी मौजूद थी.
उन्होंने बताया कि उनका बेटा रविवार से लापता था. जब वे बेटे की खोजबीन कर रहे थे, तब कुछ ग्रामीणों ने कहा था कि वह राजगीर मलमास मेला घूमने गया है, लेकिन अब उसका शव बरामद हुआ है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
फिलहाल घटनास्थल पर एसपी, डीएसपी समेत कई वरीय अधिकारी कैंप कर रहे हैं. पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है. वहीं, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.








