पटना- पटना में दिन दहाड़े बड़ी लूट की घटना हुई है. गोपालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक कैश वैन से 27 लाख रुपये की बड़ी लूट कर ली है. पटना-मसौढ़ी मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, कैश वैन पटना-मसौढ़ी रोड से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे बीच सड़क पर ही ओवरटेक कर रोक लिया. बदमाशों ने वैन के गार्ड, चालक और अन्य कर्मियों पर हथियार तान दिए. जान से मारने की धमकी देते हुए अपराधियों ने वैन में रखे 27 लाख रुपये अपने कब्जे में लिए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
वारदात के तुरंत बाद कर्मियों ने अपनी एजेंसी और पुलिस को सूचना दी. लूट की बड़ी खबर मिलते ही सदर डीएसपी (2) रंजन कुमार और गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे. पुलिस ने आसपास के इलाकों की नाकेबंदी कर दी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सदर डीएसपी (2) रंजन कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है. घटनास्थल और भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.








