बोकारो- स्टील सिटी बोकारो में अतिक्रमण हटाने गई BSL सिक्योरिटी टीम पर अतिक्रमणकारियों ने पथराव कर दिया. घटना शनिवार की सुबह की है. पथराव की इस घटना में दो होमगार्ड के जवान घायल हो गए हैं. दोनों घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के सेक्टर 12 ए काली मंदिर के पास खाली जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और झोपड़ीनुमा घर बनाकर रह रहे हैं.
जानकारी मिलने के बाद बीएसएल की सिक्योरिटी टीम तीन गाड़ियों पर सवार होकर शनिवार को अतिक्रमण हटाने गई थी. इससे आक्रोशित अतिक्रमणकारियों ने बोकारो स्टील के सिक्योरिटी विभाग के पदाधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों पर पत्थर से हमला कर दिया. जिसके बाद बीएसएल की टीम जान बचाकर भाग खड़ी हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस हमले में दो होमगार्ड के जवान अकरम अंसारी और बबलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना में घायल दोनों होमगार्ड के जवानों को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इनका इलाज चल रहा है.
दरअसल, बोकारो जिला प्रशासन ने बोकारो एयरपोर्ट बाउंड्रीवॉल से सटे अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया था. जहां से सभी को हटाने का काम किया गया था. हटाए गए लोग सेक्टर 12 ए में अतिक्रमण कर झोपड़ीनुमा घर बना लिया है. जिसे हटाने के लिए BSL की सिक्योरिटी विभाग की टीम गई थी.








