रांची- रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में टीएसपीसी उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने संगठन के कुख्यात सदस्य और जोनल कमांडर को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि बुढ़मू थाना क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर फायरिंग करने वाला कुख्यात उग्रवादी विरम राम उर्फ अरविंद जी को चंदवा के धोबी टोला में देखा गया है.
इसके बाद ग्रामीण एसपी के निर्देश और डीएसपी खलारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से धोबी टोला स्थित उसके मकान की घेराबंदी की. खुद को घिरता देख वह भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ा कर दबोच लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में उग्रवादी विरम राम ने अपना सारा जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बुढ़मू क्षेत्र में ईंट भट्ठों पर फायरिंग सहित कई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बुढ़मू के छापर गाँव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से एक 9 एमएम पिस्टल, एक मैग्जीन, 7 जिंदा गोलियां, 2 राउटर और एक एंड्रॉइड फोन बरामद किया है.
गिरफ्तार उग्रवादी पिछले 15 सालों से TSPC से जुड़ा है और वर्तमान में बुढ़मू, ठाकुरगांव, खलारी, कांके और मैक्लुस्कीगंज जैसे कई इलाकों में सब जोनल कमांडर के रूप में सक्रिय था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वह जमीन कारोबारियों, ठेकेदारों और कोयला व्यवसायियों को फोन पर धमकाकर रंगदारी मांगता था और लेवी न देने पर आगजनी या गोलीबारी जैसी हिंसक कार्रवाई करता था. पुलिस ने उसके संपर्क में रहने वाले अन्य असामाजिक तत्वों की भी पहचान कर ली है.
विरम राम के खिलाफ रांची और लातेहार के विभिन्न थानों में 25 से अधिक मामले दर्ज हैं. इनमें पिठोरिया, बुढ़मू, रातु, ठाकुरगांव और कांके थानों में दर्ज रंगदारी, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के गंभीर मामले शामिल हैं.








