गया- गया-पटना रेलखंड के बेला और चाकन्द स्टेशन के बीच बेलागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है.
पीड़िता जहानाबाद जिले की रहने वाली है, जो ट्रेन से अपने ननिहाल बेलागंज के नेउरी बाजार जा रही थी. इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने ट्रेन की चैन पुलिंग कर उसे जबरन नीचे उतार लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर घटना को अंजाम दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और संदेह के आधार पर 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शनिवार को पीड़िता के आवेदन के आधार पर बेलागंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत इकट्ठा किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना सुनसान इलाके में अंधेरे का फायदा उठाकर की गई.
डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है. संदिग्धों से पूछताछ जारी है और दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.








