डेस्क- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बंपर मतदान हुआ. वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई. जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने घरों से निकलकर मतदान किया.
दोपहर 1 बजे तक राज्यभर में 56.81% मतदान दर्ज हुआ. वहीं दोपहर तीन बजे मतदान का प्रतिशत बढ़कर 70% हो गया. शाम पांच बजे तक मतदान 82.24% दर्ज किया गया.
बता दें कि तमिलनाडु में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंचे. राज्य में सुबह मतदान केंद्रों पर अच्छी खासी भीड़ देखी गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अधिकारियों के मुताबिक सुबह के 11 बजे तक लगभग 38 प्रतिशत लोग वोटिंग हुई थी, जो अगले चार घंटे यानी 3 बजे तक बढ़कर 70 फीसदी तक पहुंच गया. निर्वाचन आयोग ने बताया कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शाम के पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक करूर में मोती बेचने वाले और दिहाड़ी मजदूर भीषण गर्मी और सीमित संसाधनों के बावजूद लंबी दूरी तय कर मतदान केंद्रों तक पहुंचे. हालांकि गर्मी में मतदाताओं को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए मतदान केंद्रों पर शेड, ठंडे स्थान और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी.
तमिलनाडु चुनाव में नेताओं के साथ-साथ फिल्म और संगीत जगत की हस्तियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जिसके बाद कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, टीवीके प्रमुख विजय और एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने चेन्नई में मतदान किया. वहीं, अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने सेलम में वोट डाला. एमडीएमके के संस्थापक वाइको और उनके बेटे दुरई वाइको ने तेनकासी जिले के कलिंगपट्टी में मतदान किया, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने शिवगंगा जिले में अपने मताधिकार का उपयोग किया.
द्रमुक सांसद कनिमोई, पीएमके नेता अंबुमणि रामदास और डीएमडीके महासचिव प्रेमलता विजयकांत भी उन नेताओं में शामिल रहे, जिन्होंने मतदान शुरू होने के तुरंत बाद वोट डाला.
फिल्म और संगीत जगत की कई प्रसिद्ध हस्तियों ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया. मशहूर संगीतकार इलैयाराजा और अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन, अजित कुमार, आर. सरथकुमार, राधिका सरथकुमार, धनुष, विक्रम और शिवकार्तिकेयन ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
अभिनेता विजय सेतुपति ने मतदान को अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए चेन्नई में वोट डाला. उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मतदान किया. इसके अलावा, चेन्नई की मेयर आर. प्रिया समेत द्रमुक के कई प्रमुख नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया.








