झारखण्ड- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का उद्घाटन किया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए भविष्य बदलने वाला कदम बताया. जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “आज का दिन कोल्हान के लिए ऐतिहासिक है.
सरायकेला में एक उच्च स्तरीय मेडिकल कॉलेज का सपना आज हकीकत बन गया है. यह संस्थान न केवल शिक्षा देगा, बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी समाज की सेवा के लिए डॉक्टर तैयार करेगा.” उन्होंने संस्थान द्वारा नर्सिंग और डिग्री कॉलेज के क्षेत्र में किए गए पुराने कार्यों की भी प्रशंसा की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
CM हेमंत ने बताया कि वर्तमान में झारखंड में 10 मेडिकल कॉलेज हैं, लेकिन सरकार का लक्ष्य आगामी 4 वर्षों में इस संख्या को बढ़ाकर 20 करने का है. उन्होंने जानकारी दी कि चाईबासा, कोडरमा और बोकारो में सरकारी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है. मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि जब वे डॉक्टर बनकर निकलें, तो समाज की उम्मीदों पर खरा उतरें.
कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने झारखंड के मेडिकल सिस्टम में सुधार का भरोसा दिलाया. उन्होंने घोषणा की कि सरकार अब पूरे राज्य में थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया के मरीजों का व्यापक सर्वे कराएगी.
उन्होंने कहा, “अब तक हमारे मरीजों को इन बीमारियों के जटिल इलाज के लिए दूसरे राज्यों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब झारखंड के ही अस्पतालों में इनका पुख्ता इलाज सुनिश्चित किया जाएगा.” इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से सकारात्मक रिपोर्टिंग की अपील करते हुए कहा कि वे व्यवस्था को ठीक करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








