रांची- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी रांची के एतिहासिक मोरहाबादी मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया.
राज्य गठन के बाद पहली बार एक साथ करीब 9,000 युवाओं को सरकार के विभिन्न पदों के लिए नियुक्ति पत्र सौंपी गई. सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियुक्ति पत्र बांटा.
जिन पदों के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है उसमें उप समाहर्ता के 207, पुलिस उपाधीक्षक के 35, राज्य कर पदाधिकारी 56, कारा अधीक्षक 02, झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी-2 के 10, जिला समावेष्टा 01, सहायक निबंधक 08, श्रम अधीक्षक 14, प्रोबेशन पदाधिकारी 06, निरीक्षक उत्पाद 03, दंत चिकित्सा पदाधिकारी 22, सहायक आचार्य 8500 और कीटपालक के 150 शामिल हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपने दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक सरकार की उपलब्धि गिनाने में जुटे रहे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस वर्ष करीब 16 हजार सरकारी विभागों में नियुक्तियां की गई हैं और इतना ही नहीं गैर सरकारी क्षेत्र में करीब 8 हजार नियुक्तियां की गई हैं. इसी तरह से 2024-25 में भी करीब 25 हजार नियु्क्तियां की गई हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबोधन में विपक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष ना केवल सरकार पर आरोप लगाता है बल्कि कोर्ट कचहरी में भी मामला देकर अड़ंगा लगाने का काम करता है. उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार ना मिले, उसके लिए गिरोह सक्रिय है और इसके लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि आज की नियुक्ति बहुत बड़ी है. 25 साल के इस युवा राज्य में पहली बार इतनी बड़ी नियुक्ति, मुझे लगता है कि इससे पहले कभी किसी कार्यकाल में देखने को नहीं मिला. उन्होंने कहा कि आज मन में उत्साह भी है और भावुकता भी.
क्योंकि इस राज्य का अभिभावक और विशाल वृक्ष के रूप में जाने जानेवाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन हमारे बीच नहीं हैं. आज वे रहते तो आशीर्वाद देने वो मंच पर जरूर आते और उन्हें अत्यंत खुशी होती कि हमलोग किस तरह से यहां रहने वाले सभी लोगों के लिए आए दिन एक नई सौगात के साथ उनके बीच जाते हैं.








