चतरा- झारखंड के चतरा से अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रतापपुर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने के चक्कर में एक महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपनी ही नाबालिग भतीजी की निर्मम हत्या कर दी.
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मौसी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने पूरे मामले का खुलासा किया.
उन्होंने बताया कि, बीते 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चंद्री गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत चट्टी अनंतपुर गांव निवासी सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई और एसडीपीओ चतरा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. जांच के दौरान 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव उसके घर से महज 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया गया. पुलिस अधीक्षक ने दुख जताते हुए कहा कि अंधविश्वास जैसी सामाजिक कुरीति के कारण एक मासूम की जान चली गई.
मौके से प्राप्त वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस जघन्य केस की गुत्थी सुलझा ली. एसपी ने बताया कि गहन अनुसंधान में यह बात सामने आई कि पीड़िता की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती है.
उसने तांत्रिक सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से अमावस्या की रात अपने भैसुर बिंदु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की बलि दे दी. पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मृतका के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद भी चल रहा था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य अभियुक्त सोहरी देवी के घर से कई अहम सबूत जब्त किए हैं, जिनमें हत्या में प्रयुक्त हसुवा, लोहे की छेनी और करणी, पीड़िता के कपड़े, लाल रंग की टूटी चूड़ी-बाली और पलाश के पत्ते, तंत्र-मंत्र और पूजा में इस्तेमाल होने वाला सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी शामिल हैं. पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.








