रांची- झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर शुक्रवार को हजारीबाग सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस के बाहर आक्रोश देखने को मिला.
रामगढ़ की विधायक ममता देवी ने मौके पर पहुंचकर मामले की उच्चस्तरीय जांच, पोस्टमार्टम प्रक्रिया की पारदर्शिता और मृतका के पति कौशेक रुद्र की गिरफ्तारी की मांग की.
इस दौरान परिजनों, अधिवक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कहा कि अनुष्का की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनका जवाब जांच के जरिए सामने आना चाहिए. उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार, घटना से पहले अनुष्का की अपनी मां से बातचीत हुई थी. बातचीत में उसने पति के साथ बहस होने की बात कही थी.
परिजनों का आरोप है कि पति के व्यवहार और घरेलू विवाद को लेकर अनुष्का पहले भी अपने मायके वालों से चर्चा करती थी. ममता देवी ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की.
उन्होंने संबंधित लोगों का पता लगाने और पति कौशेक रुद्र की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि जब तक गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई नहीं होती, परिजन शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर परिवार थाने में भी धरना देगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद विधायक, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने रात में पोस्टमार्टम किए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि उस समय अस्पताल में पर्याप्त रोशनी और जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध थीं या नहीं.
उनका कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मौत के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण होती है, इसलिए प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए.
इधर, मामले पर सदर एसडीपीओ रूपेश कुमार ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी. सूचना के अनुसार, अनुष्का के पति ने घर का दरवाजा बंद होने की जानकारी दी थी, जो उन्हें घर के स्टाफ से मिली थी.
पुलिस बल तत्काल आवास पर पहुंचा, जहां दरवाजा बंद मिला और अनुष्का का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और पोस्टमार्टम कराया गया.
एसडीपीओ ने कहा कि मामले की जांच जारी है. परिजनों की नाराजगी के संबंध में उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है और जांच पूरी होने से पहले टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.








