रांची- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की बर्खास्तगी, SIR को रद्द करने और CEC ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर 12 अक्टूबर को दिल्ली में विशाल प्रदर्शन का आह्वान किया है.
इस आह्वान पर दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रदर्शन में भाग लेने के लिए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सेवा विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. स्वास्थ्य मंत्री ने खुद वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है.
वीडियो में उन्होंने कहा, “भाजपा के इशारे पर वोटर लिस्ट में धांधली और SIR के ज़रिए वोट के अधिकार पर किए गए खेल के खिलाफ झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी जी के नेतृत्व में दिल्ली कूच कर रहे हैं. मैं भी इस लोकतांत्रिक संघर्ष में अपनी आवाज़ बुलंद करने दिल्ली आ रहा हूं.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डॉ. इरफान अंसारी ने आगे कहा, “हमारी मांग स्पष्ट है वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, वोटर लिस्ट की पारदर्शिता सुनिश्चित हो और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 24 घंटे के भीतर इस्तीफ़ा दें. उन्होंने कहा कि, अब चुप्पी नहीं, जवाबदेही चाहिए! अब समझौता नहीं, अधिकार चाहिए!”
वीडियो में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि SIR के नाम पर लोगों को वोट देने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है. लोगों में एक स्वाभाविक गुस्सा है और अगर ऐसे में हम लोकतंत्र को बचाने के लिए दिल्ली के आंदोलन में शामिल नहीं हुए तो जनता हमें माफ नहीं करेगी.








