सिमडेगा- अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बालू माफिया की दबंगई सामने आई है. सोमवार को अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों को रोकने पहुंचे सदर अंचल अधिकारी इम्तियाज अहमद को ट्रैक्टर पर बैठाकर भगाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है.
हालांकि सीओ ने किसी तरह आबादी क्षेत्र में ट्रैक्टर रुकवाकर खुद को सुरक्षित किया. इस दौरान उनका मोबाइल छीनने का भी आरोप है. घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर जब्त करते हुए एक नामजद आरोपित रूबी कोनगाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, सीओ सोमवार सुबह क्षेत्र भ्रमण के दौरान खूंटीटोली की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टरों को घोड़बहार के पास रोकने लगे. इस दौरान दोनों ट्रैक्टरों के चालक मौके से भाग निकले. सीओ ने ट्रैक्टरों की चाबी अपने कब्जे में लेकर सदर थाना को सूचना दी और पुलिस बल भेजने को कहा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी दौरान रूबी कोनगाड़ी, हर्षित डुंगडुंग, राजेश ग्वाला और नोवेल नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टरों को जबरदस्ती लेकर भागने का प्रयास करने लगे. एक ट्रैक्टर को दूसरी चाबी से स्टार्ट कर भगाने के दौरान सीओ उसे रोकने के लिए ट्रैक्टर पर चढ़ गए. आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय सीओ को साथ लेकर भागना शुरू कर दिया.
सीओ द्वारा थाना प्रभारी को फोन करने का प्रयास करने पर मोबाइल छीनने की बात भी सामने आई है. हालांकि सीओ ने हिम्मत दिखाते हुए आबादी वाले हिस्से में ट्रैक्टर रुकवा लिया. इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. वहीं दूसरे ट्रैक्टर को भी लेकर भागने का प्रयास किया गया लेकिन वह बिजली पोल से टकराकर फंस गया.
पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. सीओ के लिखित आवेदन पर सिमडेगा थाना में मामला दर्ज किया गया है. इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ खान एवं खनिज अधिनियम तथा झारखंड खनिज नियम के तहत कार्रवाई की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आवेदन के आलोक में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलडेगा निवासी रूबी कोनगाड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. हर्षित डुंगडुंग, राजेश ग्वाला और नोवेल समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.








