रांची- झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत में स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने सदन को संबोधित किया। इसके बाद राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को रखा। वहीं स्पीकर ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी यहां जनता के विश्वास और उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने कहा कि हर शब्द, हर आचरण और हर निर्णय में राज्यहित सर्वोपरि होना चाहिए। लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन मनभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि यह सत्र स्वस्थ, सकारात्मक और परिणामोन्मुखी माहौल में संचालित हो।
स्पीकर ने बताया कि वर्ष 2026 का यह बजट सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह षष्ठम विधानसभा का पंचम सत्र है, जो 18 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च 2026 तक चलेगा। कुल 17 कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इन दिनों में बजट सहित राज्य की नीतियों, योजनाओं, वित्तीय प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट भी इसी सत्र में पेश किया जाएगा, ताकि चल रही योजनाओं और आवश्यक व्ययों की पूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
सत्र के दौरान 24 फरवरी 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। स्पीकर ने उम्मीद जताई कि बहस तथ्यपरक और जनोन्मुखी होगी तथा सदन की गरिमा बनाए रखी जाएगी।








