डेस्क- राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी के खुशखेड़ा–करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्टरी में सोमवार सुबह हुए भीषण धमाके और अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया।
प्रशासन के अनुसार 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4 गंभीर रूप से झुलसे श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।
हादसे के समय फैक्टरी में करीब 25 मजदूर कार्यरत थे। राहत एवं बचाव कार्य कई घंटों की मशक्कत के बाद पूरा किया गया और फैक्टरी को सील कर दिया गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धमाके के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। खुशखेड़ा और रीको भिवाड़ी फायर स्टेशन की दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अत्यधिक तापमान और धुएं के कारण सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आई।
विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई शव बुरी तरह झुलस गए। कुछ स्थानों पर केवल कंकाल अवशेष और शरीर के अंग मिले। प्रशासन ने अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कुछ मृतकों की पहचान डीएनए परीक्षण के माध्यम से कराई जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, मृतकों में से छह की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी श्रमिकों के रूप में हुई है, जिनमें सुजांत पुत्र शिव पासवान, मिंटू पुत्र सिकंदर पासवान, अजीत पुत्र सुरेंद्र, रवि पुत्र राजदेव, श्याम पुत्र जयदेव और अमरेश पुत्र कृष्ण लाल आदि शामिल हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अन्य मृतकों की पहचान दस्तावेजों और परिजनों के माध्यम से कराई जा रही है। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स दिल्ली भेजा गया।
वहीं, हादसे के बाद बिहार के मुख्यमंत्री ने अभी तक पांच मजदूरों की मौत की पुष्टि करते हुए सभी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मृतक के आश्रितों को दो-दो लाख रुपय देने की घोषणा की है।








