पटना- आज से दुर्गा पूजा की शुरुआत हो चुकी है. पूरे देश के साथ-साथ बिहार में धूमधाम से नवरात्र मनायी जा रही है. नवरात्र के 9 दिन मां दुर्गा के 9 रूपों की पूजा की जाती है.
22 सितंबर को शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की गयी. इस बार मां दुर्गा का आगमन हाथी पर हो रहा है, जो काफी शुभ माना जाता है. इस बार नवरात्रि 10 दिनों की होगी, जिसमें मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा की जाएगी.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां शैलपुत्री को हिमालय की पुत्री माना जाता है. आज नवरात्रि के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ माता रानी का आह्वान करते हैं. उसके बाद मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है. महानवमी 1 अक्टूबर को और विजयादशमी 2 अक्टूबर को मनाया जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, गोपालगंज के सुप्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की भक्ति और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की गई. सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार देखी गई, जहां महिला और पुरुष श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे.
मंदिर परिसर से लेकर गर्भगृह तक लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रशासन व्यवस्था पर कड़ी नजर रख रहा था. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और दंडाधिकारी मंदिर परिसर में गश्त लगाते दिखे, जबकि महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला पुलिस बल भी तैनात रहा.








