डेस्क- पुणे में खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले के तीसरे ही दिन न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर इतिहास रच दिया है. कीवी टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त के साथ सीरीज पर कब्जा कर लिया है. यह अब तक के इतिहास में भारत की धरती पर न्यूजीलैंड की पहली टेस्ट सीरीज जीत है.
भारतीय टीम अपने घर में 12 साल बाद कोई टेस्ट सीरीज हारी है। इसी के साथ घरेलू जमीन पर लगातार 17 टेस्ट सीरीज जीतने के बाद जीत का यह सिलसिला टूट गया। पिछली बार टीम इंडिया को 2012-13 में इंग्लैंड ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया था। उसके बाद भारत ने लगातार 18 सीरीज जीतीं।
हालांकि, न्यूजीलैंड ने अब टीम इंडिया को हराकर यह सिलसिला तोड़ दिया। किसी ने नहीं सोचा था कि कीवी टीम भारतीय सरजमीं पर इतना प्रभावशाली प्रदर्शन करेगी। पहला टेस्ट जीतने के साथ ही न्यूजीलैंड ने 36 साल बाद भारत में कोई टेस्ट मैच जीता था। अब उसने पहली बार भारत में कोई टेस्ट सीरीज अपने नाम की है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारत की पहली पारी 156 के स्कोर पर समाप्त हो गई. भारत की ओर से रवींद्र जडेजा 38 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे. जडेजा के अलावा केवल जायसवाल और गिल ही 30 रन के आंकड़े को छू पाए. पहली पारी में 259 रन बनाने वाली न्यूजीलैंड की टीम ने दूसरी पारी में 255 रन जोड़कर मेजबान टीम को जीत के लिए 359 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया.
जवाब में भारत की ओर से केवल यशस्वी जायसवाल अर्धशतक बनाने में कामयाब रहे. वह 77 रन बनाकर आउट हुए. एक समय भारत मजबूत स्थिति में दिख रहा था, लेकिन शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने बल्लेबाजी में कोई कमाल नहीं दिखाया.
कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों पारियों में फ्लॉप साबित हुए. दूसरी पारी में रोहित 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि विराट ने 17 रनों की पारी खेली. पहले टेस्ट में 150 रन बनाने वाले सरफराज खान इस मुकाबले में पूरी तरह फेल हो गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने पहली पारी में 11 और दूसरी पारी में 9 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय जडेजा ने बहादुरी दिखाई और एक छोर को थामे रखा, लेकिन वह भी 42 रन बनाकर आउट हो गए और भारतीय पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई. भारत 245 रन ही बना पाया और 113 रनों से यह मुकाबला हार गया. रोहित की कप्तानी में15 घरेलू टेस्ट मैचों में भारत की यह चौथी हार है.








