देवघर- श्रावणी मेले की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. मुख्य सावन और बांग्ला सावन के संयोग के कारण सोमवार तड़के सुबह से ही लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए बाबा धाम पहुंचने लगे.
सुबह 4:30 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद से श्रद्धालुओं का जलार्पण लगातार जारी है. मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर पूरे मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. मंदिर परिसर में क्यूआरटी की तैनाती की गई है.
वहीं विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध तरीके से जलाभिषेक कराने में जुटी है. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन द्वारा बनाए गए सूचना केंद्र से संपर्क करें.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. बाबा धामा के पुजारी जयपाल ने बताया कि पहली सोमवारी को जितनी भीड़ का अनुमान लगाया गया था, उसी के अनुरूप श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा कि कृष्ण पक्ष के शुभ मुहूर्त में श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा पर जलाभिषेक कर रहे हैं.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जिला प्रशासनिक अधिकारी भी मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन का अनुमान है कि सुबह की अत्यधिक भीड़ सुबह 9 से 10 बजे के बीच धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगी. वहीं, शाम तक करीब 3 से 3.5 लाख श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना जताई गई है.
सावन की पहली सोमवारी को लेकर प्रसिद्ध तीर्थ स्थान बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार सहित समस्त मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है. सुबह 2 बजे मंदिर का पट खुलते ही बोल बम कांवरियों का मंदिर में आगमन लगातार जारी है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरीय दंडाधिकारी कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरे की मदद से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं. वहीं श्रद्धालुओं ने कहा कि इस बार प्रशासनिक व्यवस्था काफी अच्छी है.








