यूपी- उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक पैथोलॉजी लैब में 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पैथोलॉजी लैब संचालक को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में एफआईआर दर्ज कर किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
मामला हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. हसायन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने अपनी शिकायत में बताया कि 13 जुलाई को वह इलाज के लिए एक क्लीनिक पर गई थी.
वहां उसे दवा देने के दौरान बोतल (ड्रिप) चढ़ाई गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. किशोरी का आरोप है कि जब उसे होश आया तो उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीड़िता ने आरोप लगाया कि क्लीनिक से जुड़े पैथोलॉजी लैब संचालक प्रवीण, पुत्र इंद्रपाल, ने उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. घर पहुंचने के बाद उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिवार ने हाथरस जंक्शन थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही पीड़िता का जिला महिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है. पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.








