गया- बिहार के गया में एक बेटे ने अपने ही पिता की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया. पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. घटना मंगलवार की रात की बताई जाती है.
घटना गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव की है. मृतक की पहचान लखन मांझी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर घरेलू कलह चल रहा था. आरोपी सुरेश मांझी अपने पिता लखन मांझी से नाराज चल रहा था. इसी बीच बीती रात को झगड़े के बाद अचानक पिता पर हमलावर हो गया.
मृतक के बड़े पुत्र नरेश मांझी ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर रोज कलह हो रहा था. बार-बार कलह के बीच मारपीट भी हो रही थी. बीती रात को बंटवारे के विवाद को लेकर ही मेरा भाई सुरेश मांझी ने पिता (लखन मांझी) पर लाठी डंडे चलाना शुरू कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद वह फरार हो गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मंगलवार की रात को हुई इस घटना के बाद अतरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची थी. शव को कब्जे में लिया गया था. वही, पोस्टमार्टम के लिए शव को बुधवार को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया. एसडीपीओ सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.








