धनबाद- बंगाल विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर जा रहे आईटीबीपी के जवानों में धनबाद स्टेशन पर उस वक्त नाराजगी देखने को मिली, जब उन्हें परोसा गया भोजन खराब निकला.
जवानों का आरोप है कि जो खाना उन्हें दिया गया, उससे बदबू आ रही थी और वह पूरी तरह खराब था. स्थिति ऐसी बनी कि जवानों ने भोजन करने से इनकार कर दिया और खाने के पैकेट प्लेटफार्म संख्या एक पर ही रख दिए.
आईटीबीपी अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि भोजन की गुणवत्ता खराब थी, इसलिए जवानों ने उसे नहीं खाया और इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को दे दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जवानों ने बताया कि वे सहारनपुर स्टेशन से चले थे और रास्ते में उन्हें ठीक से खाना नहीं मिला. धनबाद में जो खाना दिया गया, वह भी खाने योग्य नहीं था, जिसके बाद उन्हें स्टेशन के बाहर से खाने की सामग्री खरीदकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ी.
इधर, इस पूरे मामले पर आईआरसीटीसी के धनबाद सुपरवाइजर पंचानंद ने आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवानों के आरोप बेबुनियाद हैं.
उनके अनुसार, जवानों के लिए फुल मील देने की कोई पूर्व सहमति नहीं थी. आसनसोल स्टेशन पर फुल मील उपलब्ध कराया जाना था. धनबाद में महज 2-3 घंटे पहले सूचना मिलने पर आनन-फानन में 964 पैकेट बिरयानी उपलब्ध कराई गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने यह भी कहा कि बिरयानी देने के बाद जवानों द्वारा फुल मील की मांग की गई, लेकिन इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में फुल मील की व्यवस्था कर पाना संभव नहीं था. वहीं धनबाद स्टेशन प्रबंधक संजय कुमार को जानकारी देने पर उन्होंने आईआरसीटीसी के प्रतिनिधि से फोन पर बातचीत की और फटकार भी लगाई.








