धनबाद- झरिया के धर्मनगर इलाके में अचानक जमीन धंसने और घरों में दरारें उभर आने से लोगों में भय का माहौल बन गया है. चौथाई कुल्ही स्थित धनबाद–सिंदरी मुख्य मार्ग के पास हुई इस घटना ने कई परिवारों की नींद उड़ा दी है.
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रागिनी सिंह, मेयर संजीव सिंह, झरिया के अंचल अधिकारी और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे. सभी ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा.
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी साफ झलक रही थी. उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया. इस घटना में करीब दस घरों को नुकसान पहुंचा है, जिससे कई परिवारों के सामने सुरक्षित ठिकाने का संकट खड़ा हो गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल कदम उठाने की मांग की. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से बेलगड़िया में शिफ्ट किया जाएगा, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
मेयर संजीव सिंह ने बताया कि यह इलाका पूर्व में खनन क्षेत्र रहा है और यहां दशकों से लोग रह रहे हैं. जमीन के भीतर खालीपन होने के कारण इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं, इसलिए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाना जरूरी है. प्रभावित लोगों को बेलगड़िया में शिफ्टिंग की कवायद शुरू कर दी गई है.
वहीं विधायक रागिनी सिंह ने स्पष्ट कहा कि बरसात से पहले ही संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां रह रहे परिवारों को हटाने के निर्देश दिए गए थे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए और कोई बड़ा हादसा हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी बीसीसीएल और जिला प्रशासन की होगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








