पटना- बिहार के पटना में फिल्मी अंदाज में करोड़ों की ठगी की घटना को अंजाम दिया गया. खगौल थाना क्षेत्र में बदमाशों ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताकर स्वर्ण कारोबारियों से करोड़ों रुपये मूल्य का लगभग 17 किलोग्राम सोना लूट लिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात के राजकोट से ट्रेन संख्या 19483 के जरिए दो स्वर्ण व्यवसायी—प्रिंस (25 वर्ष ) और महेश (35 वर्ष) दानापुर स्टेशन पहुंचे थे.
दोनों कारोबारी रात के समय स्टेशन से टेम्पो पकड़कर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे. इसी दौरान खगौल-लख के पास पहले से घात लगाए बैठे 3-4 अपराधियों ने मोटरसाइकिल और कार से उनका पीछा कर उन्हें रोक लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपराधियों ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताते हुए दोनों कारोबारियों को जांच के नाम पर डराया-धमकाया. इसके बाद उन्हें जबरन अपनी कार में बैठा लिया गया.
बदमाश दोनों को लेकर नौबतपुर नहर के पास पहुंचे, जहां सुनसान इलाके में उनसे करीब 17 किलोग्राम सोना लूट लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने दोनों पीड़ितों को सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर) शिवम धाकर ने बताया कि यह घटना शनिवार की है और इसकी गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है.
इधर, जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार को बरामद कर लिया है, जो चोरी की बताई जा रही है. वाहन के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
इसके अलावा पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है.








