रांची- राजधानी रांची में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत लगातार जारी है. बुकिंग के बाद भी लोगों को समय पर एलपीजी नहीं मिल पा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. हालात इतने बिगड़ गए हैं कि अब लोग घरों से निकलकर सड़कों पर उतरने लगे हैं.
इस कड़ी में शुक्रवार को रांची के चुटिया इलाके में उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब तय समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया और विरोध स्वरूप सिलेंडर को सड़क पर ही रख दिया. घंटों मशक्कत के बाद प्रशासन ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एलपीजी संकट की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रांची में हर रोज करीब 4000 सिलेंडर की कमी हो रही है. वर्तमान में करीब 76 हजार उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है.
जिसमें लगभग 65 हजार इंडेन गैस उपभोक्ता शामिल हैं. महज 10 दिन पहले यह आंकड़ा 65 हजार था, लेकिन अब रोजाना 8 से 10 हजार नई बुकिंग जुड़ने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है.
गैस एजेंसियों के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है. पहले जिन एजेंसियों को रोजाना 650 सिलेंडर मिलते थे, अब उन्हें करीब 500 सिलेंडर ही मिल रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शहर में करीब 38 गैस एजेंसियां हैं, जिनमें से कई के पास 4 से 5 दिनों तक सप्लाई नहीं पहुंच रही है, जबकि कुछ को दो दिन में एक बार ही गैस सिलेंडर मिल रहा है.
इस बीच आईओसीएल के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण DAC नंबर मिलने में भी दिक्कत आ रही है. वहीं, कुछ एजेंसियों पर डीएसी नंबर सही तरीके से दर्ज नहीं करने का आरोप भी लग रहा है, जिससे एलपीजी वितरण व्यवस्था और बिगड़ रही है. रांची में गैस संकट अब गंभीर रूप ले चुका है, जिसका असर सीधे आम लोगों की रसोई और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है.








