रांची- राजधानी रांची के सुखदेव नगर में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई है. बताया जा रहा है कि पंडरा ओपी क्षेत्र के बैंक कॉलोनी स्थित विकास नगर में दोपहर भाजपा नेता अनिल पाण्डेय के आवास के बाहर गोलीबारी हुई. इसके बाद पथराव किया गया. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी.
मिली जानकारी अनुसार, विवाद की जड़ 24 मार्च को ओटीसी ग्राउंड में क्रिकेट के दौरान हुई कहासुनी है. यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया. खेल के बीच बिरला मैदान के पास रहने वाले एक युवक को अनिल पांडेय के बेटे मंतोष पाण्डेय के दोस्तों ने चाकू मारकर घायल कर दिया था.
घटना से आक्रोशित मधुकम के रहने वाले आर्यन मेहता और मोनू खलखो बदले की भावना से कुछ युवकों के साथ विकास नगर पहुंचे और मंतोष पाण्डेय के घर पर हमला कर दिया. हमलावरों ने घर पर जमकर पथराव किया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मामले की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, कोतवाली डीएसपी, सुखदेव नगर थाना प्रभारी और पंडरा ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. इस संबंध में सिटी एसपी का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.
इसके लिए आस-पास में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जायेंगे. फिलहाल चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. दूसरी तरफ मंतोष और उनके साथी से सुखदेव नगर थाना की पुलिस पूछताछ कर रही है.








