पटना- पटना के खगौल थाने की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान नैनचक मुस्तफापुर गांव में भारी मात्रा में हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है.
बरामद मादक पदार्थों का कुल वजन 4.846 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये आंकी गई है.
पुलिस के अनुसार शनिवार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि खगौल थाना क्षेत्र के ग्राम नैनचक मुस्तफापुर में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है, जिसके बाद छापामार कार्रवाई की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के घर से कुल 4.846 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया, जिसमें हेरोइन और ब्राउन शुगर शामिल है. इसके साथ ही मौके से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की जा रही है.
पटना एसएसपी के अनुसार मादक पदार्थ की सप्लाई ज्यादातर ट्रेन के माध्यम से की जाती थी. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने यह भी कहा कि मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच की जाएगी. एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों की काली कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








