रांची- झारखंड के खूंटी जिला में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन PLFI से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, लेवी वसूली का हिसाब-किताब और संगठन से जुड़े पर्चे बरामद किए हैं. ये अपराधी अवैध हथियार के साथ लेवी की रकम लेने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र में तजना नदी के पास नहर किनारे कुछ अपराधी कार से पहुंचकर लेवी की राशि लेने वाले हैं और किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं.
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तजना नदी के पास से तीन अपराधियों विजय भोक्ता, धीरज कुमार और अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम को गिरफ्तार किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ में इन अपराधियों ने अपने अन्य साथियों के रांची की ओर जाने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने कालामाटी टुंगरी के पास एक कार का पीछा कर तीन और अपराधियों— शुभम कुमार पोद्दार उर्फ शुभम कुमार, निमिस गोप उर्फ हनी और राम अयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा को दबोच लिया.
गिरफ्तार अपराधियों की तलाशी में कई मोबाइल फोन, दूसरे लोगों के नाम से खरीदे गए मोबाइल की रसीद, देसी पिस्टल, जिंदा गोली, पीएलएफआई संगठन के पर्चे, लेवी वसूली का हिसाब लिखा नोटबुक, ठेकेदारों और व्यवसायियों की सूची, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए.








