गढ़वा- गढ़वा जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. सड़क हादसे के बाद एक युवक जिंदा जल गया है. युवक पेट्रोल पंप से प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल भरवा कर मोपेड से घर लौट रहा था.
इसी क्रम में सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने युवक के मोपेड में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेट्रोल से भरा गैलन युवक पर गिरकर फट गया और देखते ही देखते युवक के पूरे शरीर में आग लग गई.
परिजन गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवक को रांची रेफर कर दिया. रांची ले जाने के क्रम में युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना गढ़वा-अंबिकापुर मार्ग पर गढ़वा थाना क्षेत्र में हुई है. मृत युवक की पहचान लोटो गांव निवासी शंभू प्रसाद गुप्ता के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शंभू प्रसाद गुप्ता ने लोटो गांव स्थित पेट्रोल पंप पर प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल खरीदा था.
सड़क पर आते ही एक तेज रफ्तार कार ने मोपेड में टक्कर मार दी. जिससे गैलन फट गया और आग लग गई. जिससे मोपेड और युवक आग की चपेट में आ गया.
युवक के पूरे शरीर से आग की लपटें उठ रही थी और वह जान बचाने की कोशिश में सड़क पर दौड़ रहा था. घटनास्थल पर मौजूद लोग जब तक आग बुझाते, तब तक युवक का शरीर गंभीर रूप से झुलस चुका था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों ने बताया कि मिडिल ईस्ट में युद्ध को लेकर कहीं पेट्रोल खत्म ना हो जाए इसके लिए शंभू प्रसाद गैलेन में पेट्रोल भरवाकर घर आ रहे थे. इसी क्रम में हादसा हो गया.








